बनीपुर चौक रोड पर भरा गंदा पानी। संवाद
बावल। कस्बे के बनीपुर चौक रोड पर गंदा पानी जमा होने से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जलभराव होने के कारण क्षेत्र में बदबू फैलने लगी है, जिससे लोगों में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर गंदा पानी भर गया, जिससे प्रशासन के दावों की पोल खुल गई है।
दुकानदार मनोज ने बताया कि नाले के ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा हो गया है। लंबे समय से पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। सड़क पर भरे गंदे पानी से तेज बदबू आ रही है, जिससे आसपास के दुकानदारों को ग्राहकों के सामने भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
दीपक ने बताया कि सड़क पर जलभराव होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ रही है। गंदे पानी के कारण फिसलने और दुर्घटना होने की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नियमित रूप से सफाईकर्मी भी नहीं पहुंच रहे हैं, जिसके कारण समस्या और गंभीर होती जा रही है।
गर्मी और उमस के मौसम में गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन से जल्द से जल्द नालों की सफाई करवाने तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।