बावल। पुलिस ने गो तस्करी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जिला नूंह के गांव हुसैनपुर निवासी हाकम के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस पांच आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मोहल्ला राजीव नगर निवासी गौरव ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह गो टास्क फोर्स हरियाणा सरकार का सदस्य है और बजरंग दल का जिला सह-संयोजक भी है। 15 फरवरी 2022 को उसे सूचना मिली थी कि रात के समय एनएच-48 से ट्रक में राजस्थान से गोवंश गोकशी के लिए भरकर मेवात जाएंगे। सूचना पर वह अपने साथी देवेंद्र निवासी फिदेडी, राकेश निवासी उत्तम नगर, विनोद निवासी डाणा मानेसर, दीवान नेहरा निवासी टीकला, मनीष निवासी राजीव नगर के साथ मिलकर नैचाना कट पर खड़े होकर निगरानी कर रहा था।
इसी दौरान एक ट्रक दिल्ली की तरफ से तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाता हुआ दिखाई दिया। उसने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने बनीपुर चौक पर नाका लगा दिया। चालक ने ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर वापस जयपुर की तरफ मोड़ कर बावल कस्बे की तरफ भगा लिया। आगे रास्ता अंडरपास होने के कारण ट्रक चालक व उसके साथी गाड़ी छोड़कर भागने लगे। इस दौरान तीन आरोपियों को मौके पर काबू कर लिया गया।
पूछताछ में पहले ने अपना नाम मौसम निवासी अडबर जिला मेवात, दूसरे ने अपना नाम पता राजू निवासी अंतपुरा व तीसरे ने अपना नाम पता राहुल निवासी कुचामन (राजस्थान) बताया। आरोपियों के दो साथी मौके फरार हो गए थे। पुलिस ने ट्रक से 22 गोवंश मुक्त कराए थे, जिनमें से 13 गाय जिंदा व 9 मृत मिली थी। पुलिस ने थाना बावल में आरोपियों के खिलाफ गो संवर्धन अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज मामले में संलिप्त पांच आरोपी मौसम, राजु, राहुल, साजिद उर्फ सज्जी व शौकत को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने हाकम को भी गिरफ्तार कर लिया है।