जिले की धारूहेड़ा पुलिस ने टैक्सी चालक आदित्य की हत्या के केस में 5वें आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अलवर, राजस्थान के गांव साथलका निवासी मनीष कुमार उर्फ आलू उर्फ काला के रूप में हुई। पुलिस इस हत्या मामले में पहले ही चार आरोपियों जिला गुरुग्राम के गांव नरहेड़ा निवासी टिंकू उर्फ धर्मेंद्र, राजस्थान के जिला अलवर के गांव कहरानी निवासी संदीप, चामरोधा निवासी संजय कुमार व साथलका निवासी राजबीर उर्फ झुंगड को गिरफ्तार कर चुकी है।
बता दें कि जिला गुरुग्राम के पुखरपुर गांव निवासी 41 वर्षीय आदित्य, जो कस्बा धारूहेड़ा में टैक्सी चलाता था, 26 फरवरी को बुकिंग लेकर राजस्थान गया था। उसकी परिजनों से बात हुई और उसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। 27 फरवरी को इसकी कार खोरी चौकी पुलिस ने लावारिस बरामद की थी। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने आदित्य के भाई ललित की शिकायत पर इस कार चालक की गुमशुदगी रपट दर्ज की। 28 फरवरी को कहरानी के जंगल से आदित्य का शव बरामद हुआ, जिसकी हत्या गला रेतकर की गई थी। इसके बाद थाना धारूहेड़ा पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्घ हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में पांचवें आरोपी मनीष कुमार उर्फ आलू उर्फ काला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से इस वारदात में इस्तेमाल एक चाकू बरामद किया। इस आरोपी को आज अदालत में पेश करने के बाद वहां से पुलिस ने एक दिन के लिए रिमांड पर ले लिया है।