रेवाड़ी। जाटूसाना गांव स्थित पंचायत के खेल मैदान में हाल ही में लगाई गई तारबंदी और 10 से अधिक सीमेंट के खंभों को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्राम सरपंच संजोगता ने बताया कि पंचायत के खेल मैदान में सरकारी हॉकी प्रशिक्षक मोहित कुमार गोस्वामी के मार्गदर्शन में हॉकी नर्सरी के खिलाड़ी प्रतिदिन अभ्यास करते हैं।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और मैदान में घास लगाने के उद्देश्य से 20 अगस्त को डॉ. टीसी राव के संयोजन में मैदान की तारबंदी कराई गई थी।
आरोप है कि 21 अगस्त की रात मैदान के पास रहने वाले गांव के 2 युवकों ने नवनिर्मित तारबंदी को नुकसान पहुंचाया। दोनों ने 10 से अधिक सीमेंट के खंभों को उखाड़कर तोड़ दिया और तारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना को मोहित कुमार ने देखा और दोनों को पंचायत की संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने के लिए समझाया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने खंभे और तार तोड़ना जारी रखा।
मामले में जाटूसाना थाना प्रभारी को शिकायत देकर निष्पक्ष जांच, घटनास्थल का निरीक्षण, फोटो-वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की मांग की गई है।