रेवाड़ी-झज्जर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भ्रूण लिंग जांच कराने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि अल्ट्रासाउंड करने वाला फर्जी डॉक्टर फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला बीमा एजेंट है और इस घिनौने कुकृत्य में भी शामिल थी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार रेवाड़ी के एक गांव निवासी महिला झज्जर के गांव छुछकवास में भ्रूण लिंग जांच कराती थी। स्वास्थ्य विभाग ने आरोपी महिला की रिकॉर्डिंग मिलने के बाद कार्रवाई की। पुलिस ने एक महिला को अपनी तरफ से ग्राहक बनाया और आरोपी के पास कॉल कराया। आरोपी ने इसके लिए 35 हजार रुपये की मांग की और 33 हजार रुपये पहले ही जमा करा लिए। निर्धारित योजना के तहत आरोपी महिला ने गर्भवती को रेवाड़ी- रोहतक हाईवे स्थित गंगायचा टोल प्लाजा पर बुलाया और कार में बैठाकर छुछकवास पहुंच गई, लेकिन डॉक्टर को संदेह हुआ तो वह फरार हो गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसी तरह की कार्रवाई 20 दिसंबर को भी आगरा में की गई थी, इसमें भी डॉक्टर फरार हो गई थी।
गांव के बाहर कार रोककर, एक्टिवा पर बैठाया
आरोपी महिला डिकॉय गर्भवती को छुछकवास तक कार में लेकर गई, लेकिन यहां पर पहले से ही एक एक्टिवा खड़ी हुई थी। आरोपी कार गांव के बाहर छोड़कर गर्भवती को एक्टिवा पर लेकर फर्जी डॉक्टर के पास लेकर गई, जैसे ही आरोपी गर्भवती को छोड़कर गई फर्जी डॉक्टर को शक हो गया और वह वहां से फरार हो गया।
बेटा-बेटी बताने के नाम पर भी ठगी
रेवाड़ी स्वास्थ्य विभाग की टीम का नेतृत्व कर रहे डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. विशाल राव के अनुसार सुबह 10 बजे टीम गंगायचा टोल प्लाजा पहुंची थी। प्राथमिक सूचना के आधार पर लग रहा कि झोलाछाप डॉक्टर द्वारा एक कंप्यूटर आदि के माध्यम से अल्ट्रासाउंड के नाम पर लोगों को ठगने का काम किया जा रहा था। घर पर किसी भी तरह की कोई दुकान आदि नहीं मिली है। पुलिस को शिकायत दे दी गई है। आगे की कार्रवाई पुलिस की ओर से की जाएगी।