संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। कस्बे के आंबेडकर पार्क में वीरवार को भारतीय किसान यूनियन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 20 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली किसान महापंचायत को लेकर ड्यूटी लगाई गई। बैठक में किसान यूनियन के प्रदेश सचिव रामकिशन महलावत ने कहा कि सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में 20 तारीख को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर महापंचायत आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने किसानों से झूठ बोलकर उनके आंदोलन को वापस करवा दिया और किए वादों को सरकार द्वारा नहीं निभाया जा रहा। उन्होंने बताया कि इस बार बहुत बड़ा आंदोलन खड़ा होगा।
उन्होंने बताया कि प्राणपुरा रूट के लिए अतर सिंह नेहरा और नवीन कुमार की ड्यूटी लगाई गई है। खिजूरी रूट के लिए मीरसिंह और होशियार, बावल के लिए महेन्द्र सिंह ककरावत की ड्यूटी लगाकर ज्यादा से ज्यादा किसानों को महापंचायत में पहुंचने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर सभी लोग किसानों को जागृत करेंगे और महापंचायत में चलने के लिए आह्वान करेंगे। किसान बावल की अनाज मंडी के पास से एकत्रित होकर दिल्ली के लिए कूच करेंगे। इस अवसर पर भाकियू सचिव रामकिशन हल्का, प्रधान महेंद्र ककरावत, सुमेरसिंह, अतर सिंह नेहरा, नवीन कुमार लाजपत, लीलाराम महलावत, महेंद्र बनीपुर, मीरसिंह और महाबीर आदि मौजूद रहे।