संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शनिवार को दिल्ली-जयपुर हाईवे के खेड़ा बॉर्डर से लेकर रेवाड़ी-गुरुग्राम सीमा के कापड़ीवास तक 40 किमी. लबे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जहां किसान पूरी तरह से चक्का जाम रखेंगे, वहीं रेवाड़ी-रोहतक गंगायचा टोल प्लाजा पर भी किसानों की ओर से चक्का जाम का आह्वान किया है। वहीं रेवाड़ी-नारनौल नेशनल हाईवे 11 पर किसानों की ओर से कोई खुलासा नहीं किया गया है, ऐसे में जयपुर व दिल्ली को जोड़ने वाले रेवाड़ी-नारनौल मार्ग को ही पुलिस विकल्प के तौर पर प्रयोग में लाने पर काम कर रही है। हालांकि पुलिस की ओर से सुबह 11 बजे से लेकर शाम चार बजे तक वाहन चालकों को सड़कों पर नहीं आने का भी आह्वान किया गया है, ताकि परेशानी से बचा जा सके। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से दोपहर 12 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक का चक्का जाम अल्टीमेटम है। किसानों के चक्का जाम के बाद खेड़ा बॉर्डर पूरी तरह बंद होने से जयपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को बहरोड से रेवाड़ी-नारनौल रोड के माध्यम से पटौदी होते हुए गुरुग्राम की तरफ जाना पड़ेगा। वहीं गुरुग्राम की तरफ से जयपुर जाने वाले वाहनों को कापड़ीवास से भिवाड़ी होते अलवर के रास्ते जयपुर भेजा जाएगा। वहीं गुरुग्राम से रेवाड़ी की ओर आने वाले लोगों को पटौदी के रास्ते शहर में आना पड़ेगा। किसानों की ओर से एबुलेंस व जरूरी सेवाओं को रास्ता दिया जाने की बात कही जा रही है। इस दौरान ऐसे लोगों के लिए फल व अन्य जरूरी सामान वितरण की भी किसानों की ओर से व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को एसपी अभिषेक जोरवाल ने खेड़ा बॉर्डर सहित अन्य राजमार्गों का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए। वहीं हाईवे पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। हाईवे पर सीआरपीएफ व आरएएफ ने मोर्चा संभाल लिया है।
ये हाईवे रहेंगे जाम
-दिल्ली-जयपुर हाईवे 48 खेड़ा से लेकर काबपडीवास बॉर्डर तक
-रेवाड़ी-रोहतक नेशनल हाईवे 71 गंगायचा टोल प्लाजा पर जाम
पुलिस की ओर डायवर्ट रूट
दिल्ली-गुरुग्राम से जयपुर की ओर जाने वाहन चालक कापडीवास बॉर्डर से 75 फुटा रोड धारूहेड़ा से भिवाड़ी अलवर होते हुए बहरोड जयपुर कि तरफ यात्रा कर सकते हैं।
रेवाड़ी से जयपुर कि तरफ जाने वाहन गढी बोलनी, कोटकासिम, खरथैल अलवर के रास्ते से जयपुर की यात्रा कर सकते हैं।
रेवाड़ी से बहरोड, नीमराणा जयपुर की तरफ यात्रा करने वाहन चालक कुंड-मांढण के रास्ते से बहरोड, नीमराणा जयपुर की सुरक्षित यात्रा कर सकते हैं।
रेवाड़ी से झज्जर व रोहतक कि तरफ यात्रा करने वाहन चालक रेवाड़ी शहर, राव गोपाल देव चौक, बेरली, जाटूसाना, रोडहाई, पाल्हावास या कोसली होकर झज्जर की तरफ सुरक्षित यात्रा कर सकते हैं।
झज्जर से रेवाड़ी की तरफ आनेवाले वाहन चालक पाल्हावास चौक, गुडियानी, जाटूसाना,बेरली होते हुए रेवाड़ी कि तरफ सुरक्षितयात्रा कर सकते हैं।
रेवाड़ी से गुरुग्राम कि तरफ यात्रा करने वाहन चालक पटौदी होकर गुरुग्राम कि तरफ अपनी सुरक्षित यात्रा कर सकते हैं।
दिल्ली-जयपुर हाईवे खेड़ा बॉर्डर पर 13 दिसंबर से बंद
दिल्ली-जयपुर हाईवे के खेड़ा बॉर्डर पर हाईवे 13 दिसंबर से बंद है, लेकिन यहां पर एक सर्विस लेने के माध्यम से गुरुग्राम की तरफ से जाने वाले छोटे वाहनों को निकाला जा रहा था। लेकिन शनिवार को इस लेन को भी बंद कर दिया जाएगा। शुक्रवार को जयसिंहपुर खेड़ा बॉर्डर स्थित धरना स्थल पर केरल से राज्यसभा सांसद केके रागेश व त्रिपुरा के पूर्व सांसद संजय चौधरी समर्थन देने के लिए पहुंचे। उन्होंने केन्द्र सरकार से तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की है। वहीं 50 वकीलों ने भी धरना स्थल जाकर समर्थन देते हुए कुछ राशि भी दी।
शनिवार को दोपहर 12 बजे से चक्का जाम किया जाइएगा। तीन घंटे के इस चक्का जाम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर अब तक खुले सर्विस रोड को भी बंद किया जाएगा। पुलिस की तरफ से डायवर्ट किए गए मार्ग भी इस दौरान जाम किए जाएंगे। जैसे बॉर्डर से शहाजांपुर से रेवाड़ी आने वाले रास्तों के अलावा विभिन्न मार्ग शामिल हैं। एबुलेंस व इमरजेंसी वाहनों को रास्ता दिया जाएगा।
-रामकिशन महलावत, महासचिव भारतीय किसान यूनियन (टिकैत)
रेवाड़ी-रोहतक हाईवे स्थित गांव गंगायचा टोल प्लाजा पर धरना देकर चक्का जाम किया जाएगा। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर किसी भी वाहन चालक को नहीं जाने दिया जाएगा। जरूरतमंद लोगों को फल व अन्य खाद्य सामग्री भी वितरित की जाएगी। सरकार को जल्द से जल्द किसानों की मांगों को पूरा कराना चाहिए।
-धर्मपाल नंबरदार, जय किसान आंदोलन
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर चक्का जाम किया जा रहा है। खेड़ा बॉर्डर पर शनिवार को सर्विस लेन को भी बंद कर दिया जाएगा। वहीं शहाजांपुर की तरफ से रेवाड़ी आने वाले वाहनों को भी रोका जाएगा। किसानों का मकसद किसी को परेशान करना नहीं है। सरकार को जल्द से जल्द किसानों की मांगे मानकर राहत देने का काम करना चाहिए।
राजाराम मील, किसान नेता, खेड़ा बॉर्डर
किसान आंदोलन पूरी मजबूती के साथ चल रहा है। सरकार के सभी षड़यंत्र फेल हो चुके हैं। अब आंदोलन को पहले से भी ज्यादा बल मिल रहा है, ऐसे में सरकार को जल्द से जल्द किसानों की मांगो को मान लेना चाहिए। किसानों की ओर से धूप से बचने के लिए टेंट लगाने शुरू कर दिए गए हैं। ऐसे में सरकार को समझ लेना चाहिए कि किसान लंबे संघर्ष के लिए तैयार हैं। चक्का जाम पूरी तरह सफल रहेगा।
रणजीत उर्फ राजू, किसान नेता, खेड़ा बॉर्डर
किसानों के चक्का जाम को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। किसान नेताओं से भी बातचीत हो चुकी है। जयसिंहपुर खेड़ा बॉर्डर और गंगायचा टोल प्लाजा के पास जाम की जानकारी दी गई है। इसके लिए ट्रैफिक डायवर्ट भी किया गया है, जिससे आम यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी ना उठानी पड़े। सुरक्षा व्यवस्था के पूरे इंतजाम किए गए हैं, किसी को भी कानून व्यवस्था को अपने हाथों में नहीं लेने दिया जाएगा।
अभिषेक जोरवाल, एसपी रेवाड़ी।