मीटिंग लेते पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री संजय शर्मा। संवाद
भिवाड़ी। राजस्थान के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री संजय शर्मा ने भिवाड़ी के रीको गेस्ट हाउस में आयोजित एक बैठक में जिले में वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन से संबंधित योजनाओं, बजट घोषणाओं और क्षेत्रीय समस्याओं की समीक्षा की।
बैठक में हरियालो राजस्थान मिशन, पौधरोपण, अवैध खनन, अतिक्रमण और कचरा निस्तारण जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया। मंत्री संजय शर्मा ने वन क्षेत्रों में अवैध खनन और अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए खनन, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। साथ ही, भिवाडी में प्रगतिरत बाबा मोहन राम नगर वन की तर्ज पर अन्य परियोजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए गए।
राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी अमित जुयाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागीय योजनाओं और पौधरोपण गतिविधियों की जानकारी दी। मंत्री ने औद्योगिक इकाइयों द्वारा अनुपचारित अपशिष्ट निपटान पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री ने वन विभाग के जर्जर भवनों की मरम्मत बिना उपयोग न करने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही 2024-25 और 2025-26 की बजट घोषणाओं के तहत चल रही योजनाओं में गति लाने और प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा।