संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। कोसली विधानसभा क्षेत्र के लिए अनेक खेल नर्सरियां आवंटित की गई है। इसके लिए कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी व खेल मंत्री संजय सिंह का आभार जताया है।
लक्ष्मण सिंह यादव ने बताया कि सरकार प्रदेशभर में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं क्रियान्वित कर रही हैं। जमीनी स्तर पर प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच प्रदान करने तथा उन्हें आगे लाने के लिए तमाम खेलों की नर्सरियां शुरु करने का निर्णय लिया गया। इसी के तहत सरकार की ओर से कोसली विधानसभा क्षेत्र में अनेकों खेल नर्सरियां आवंटित कर दी गई है तथा जल्द ही यहां नए खिलाड़ियों की पौध तैयार करने का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। कोसली विधायक ने बताया कि उनके क्षेत्र में वॉलीबॉल के लिए डहीना ब्लॉक के गांव धवाना, हॉकी के लिए डहीना ब्लॉक की ग्राम पंचायत कंवाली, कबड्डी के लिए डहीना ब्लॉक के गांव मंदोला, हैंडबॉल के लिए जाटूसाना ब्लॉक के गांव गुरावड़ा, वॉलीबॉल के लिए नाहड़ ब्लॉक के गांव नेहरुगढ़, हॉकी के लिए कंवाली के श्री बालाजी इंटरनेश्नल स्कूल के अलावा रेवाड़ी के करावरा मानकपुर स्थित ग्लैक्सी इंटरनेशनल स्कूल में वॉलीबॉल की नर्सरियां स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके अलावा रेवाड़ी के लिए जैन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वॉलीबॉल की नर्सरी स्थापित किए जाने की हरी झंडी सरकार की ओर से दी गई है। उन्होंने कहा कि खेल नर्सरियों की स्थापना के बाद निश्चित रूप से खेलों को बढ़ावा मिलेगा।ू