व्यक्तिगत कारणों से कोरोना जांच कराने वालों को अब इसकी कीमत चुकानी होगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर जारी नई गाइडलाइन के तहत अब नॉन मेडिकल कारण अर्थात व्यक्तिगत जैसे एक देश से दूसरे देश या फिर एक राज्य से दूसरे राज्य जाने वाले, नौकरी पर जाने से पहले, शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश के लिए या फिर कॉलेजों में शिक्षकों द्वारा कक्षाएं लेने जैसे कार्यों के लिए कोविड आरटीपीसीआर टेस्ट कराने पर 1650 रुपये देने होंगे। निजी स्कूलों के शिक्षकों व स्टाफ के लिए आरटीपीसीआर टेस्ट कराना जरूरी है। रैपिड एंटीजन टेस्टिंग के लिए 650 व आईजीजी बेस्ड एलआईजा टेस्ट के लिए 250 रुपये देने होंगे। बता दें कि स्कूल में जाने से पहले प्रत्येक शिक्षक को कोविड-19 निगेटिव रिपोर्ट प्रिंसिपल के पास जमा करानी अनिवार्य है। ऐसे में सरकारी से लेकर निजी शिक्षकों की कोरोना जांच की जा रही है। निर्देशों में यह भी कहा गया है कि सरकारी शिक्षकों की जांच निशुल्क होगी।
सोमवार को 66 पॉजिटिव मिले, 40 हुए ठीक
सोमवार को 66 नए कोविड मरीजों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 5070 पर पहुंच गया है। वहीं 40 लोगों ने कोरोना को मात दी, इससे ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़कर 4567 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार तक 62413 सैंपल लिए गए हैं, अब कोविड पॉजिटिव के 477 एक्टिव केस रह गए हैं तथा 56938 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। 405 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है। जिलाभर में 17 नागरिक क्वारंटीन किए गए हैं, जो विदेश व देश के अन्य हिस्सों से यात्रा करके आए हैं। 32 मरीज विभिन्न अस्पतालों में व 34 जिला कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं। 411 कोविड मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं।
शहर में नहीं टूट रही कोरोना की चेन
शहर में कोरोना की चेन नहीं टूट पा रही है, लगातार कोविड मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को भी 66 में से शहर में 35 मरीज नए मिले। इसके अलावा 7 बावल, 6 धारूहेड़ा तथा एक-एक केस जलियावास, बोडियाकमालपुर, गज्जीवास, घीसा की ढाणी, फिदेड़ी, झाबुआ, झाल, कमालपुर, खडग़वास, खरखड़ा, नैनसुखपुरा, रोहडाई, शहबाजपुर इस्तमुरार, टींट, रसगन, गुरावड़ा, लिसान व नाहड़ में मिले हैं। ठीक होने वालों में 10 रेवाड़ी शहर, 7 धारूहेड़ा, 5 बावल, 2-2 बोलनी व हालूहेड़ा तथा एक-एक केस आसियाकी, भैरमपुर, बधराना, गढ़ी, गुठाना, जलियावास, हांसाका, जैतड़ावास, नांधा, कोसली, मनेठी, नैचाना, लिसान व टांकडी से संबंधित हैं।
नॉन मेडिकल वालों निशुल्क नहीं होगी जांच: नोडल अधिकारी
जिला कोविड-19 नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ओर से नई गाइडलाइन जारी की गई है। नॉन मेडिकल उद्देश्य के लिए जितनी जांच कराई जाएंगी, उसके लिए अब पैसे देने होंगे।