फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ी सुरक्षा के बीच जिले के 36 परीक्षा केंद्रों पर 7450 परीक्षार्थियों ने दी क्लर्क परीक्षा

विज्ञापन
रेवाड़ी। परीक्षार्थियों की जांच करते हुए - फोटो : Rewari
विज्ञापन
जिले में 24 लोकेशन सेंटरों पर बनाए गए 36 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को 7450 परीक्षार्थियों ने क्लर्क पद के लिए परीक्षा दी। पिछले दिनों नायब तहसीलदार परीक्षा में पेपर लीक होने के बाद चौकन्नी रेवाड़ी पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने कड़ी जांच के बाद परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश करने दिया। इस दौरान पुलिस ने महिला परीक्षार्थियों के कानों की बालियां उतरवा कर तलाशी ली गई। इसके अलावा परीक्षार्थियों के मोजे और जूतों के साथ ही रुमाल भी परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं ले जाने दिया गया। शनिवार को आयोजित परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों के साथ आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद थी। पहले दिन शाम साढ़े चार बजे से आरंभ हुई परीक्षा के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दोपहर एक बजे से ही परीक्षार्थियों पहुंचने लगे थे। करीब तीन बजे से बूंदाबांदी आरंभ होने के साथ करीब आधे घंटे तक अच्छी बारिश हुई। इस दौरान काफी संख्या में अभ्यर्थी बारिश में भीगते हुए परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। जिला में सिरसा, जींद, नरवाना, भिवानी, जींद, महेंद्रगढ़, रोहतक, हिसार, कैथल तक के अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। शाम को जैसे ही परीक्षा समाप्त हुई हर किसी में बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और अपने वाहनों में बैठकर निकलने की होड़ लगी थी। परीक्षार्थियों में कोई बहुत अच्छा बता रहे थे तो कोई उलझाने वाले प्रश्न आने से समय लगना बता रहे थे।
विज्ञापन

परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस व प्राइवेट एजेंसियों द्वारा परीक्षार्थियों की गहनता से जांच की गई। जांच के दौरान महिला परीक्षार्थियों के कानों की बाली, बालों का जूड़ा, हाथों के कंगन, अंगूठी व रुमाल उतरवाए वहीं पुरुष परीक्षार्थियों के जूते और मोजे भी उतरवा दिए थे। इस दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पहली बार परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को उठानी पड़ी परेशानी
जो अभ्यर्थी पहली बार कोई परीक्षा दे रहे थे उन्हें थोड़ी परेशानी हुई। उनके हाथ के कड़े, पर्स, पेन, गहने, हेयर बैंड, हाथ में बंधी डोरी, नाक, कान में लगे कुंडल, रुमाल, टोपी, चेन, पाजेब, मोबाइल, ब्लू टूथ सहित किसी भी प्रकार के सामान को लेकर जाने नहीं दिया गया। ऐसे में कुछ अभ्यर्थी जो अकेले परीक्षा देने आए थे उन्हें आसपास के दुकानों में 20 से 50 रुपये तक भुगतान करना पड़ा। कुछ अभ्यर्थियों ने नए नए तीन चार पेन खरीदे थे, लेकिन वे किसी काम के नहीं रहे।--
विज्ञापन

परीक्षा देने आईं महिलाओं के रोते बच्चों चुपा रहे थे पति
जिले के अनेक केंद्रों पर सैकड़ों महिलाएं परीक्षा देने पहुंची, जिनके साथ उनके मासूम बच्चे भी थे, लेकिन परीक्षा के दौरान बच्चों को केंद्रों के बाहर उनके पति खिलाते व रोने पर चुप करते देखे गए।
आज और कल दोनों सत्रों में इन्हीं केंद्रों पर होगी परीक्षा
22 सितंबर को सुबह की पाली में 10:30 बजे से आरंभ होने वाली परीक्षा में दस बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इसी दिन शाम की पाली में 3 से 4:30 बजे तक होने वाली परीक्षा में 2:30 बजे तक ही प्रवेश होगा। यही समय सारणी और प्रक्रिया 23 सितंबर को सुबह और शाम के सत्र में होने वाली परीक्षा में रहेगी।
तीन दिन 36 केंद्रों पर :
जिला में कुल 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें अहीर पीजी कॉलेज, केएलपी पीजी कॉलेज, सनग्लो इंटरनेशनल स्कूल, माता राजकौर संस्थान सहारनवास, सूरज पब्लिक स्कूल रसगण, राजकीय पॉलिटेक्नीक संस्थान लिसाना, स्वामी उमा भारती पब्लिक स्कूल, आरपीएस स्कूल दिल्ली रोड, सोमाणी इंजीनियरिंग कॉलेज में 2-2, राजकीय बाल वरिष्ठ विद्यालय रेवाड़ी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी, आरडीएस गर्ल्स पब्लिक कॉलेज कालाका रोड, दिल्ली पब्लिक स्कूल जौनावास, दिल्ली रोड माउंट लिट्रा जी स्कूल, ऋषि पब्लिक स्कूल जौनावास, कैंब्रिज स्कूल बोलनी रोड, राजइंटरनेशनल स्कूल, जैन कन्या और बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जैन पब्लिक स्कूल, सैनी पब्लिक स्कूल, सैनी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल, राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर 18, सरस्वती स्कूल भाड़ावास में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
कहीं सख्ती तो कहीं उड़ी धारा 144 की धज्जियां
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा के मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों पर धारा 144 लागू की गई थी। लेकिन कुछ केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानें खुली थी तो कहीं आधे शटर गिराए हुए थे। परीक्षा केंद्र की 200 मीटर की परीधि में फोटोस्टेट और स्टेशनरी की दुकानें खुली थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें