फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: आईएमटी बावल की कई औद्योगिक इकाइयों में बंद मिले ईटीपी और प्रदूषण नियंत्रण संयंत्र

Wed, 26 Aug 2026 11:26 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
बावल। आईएमटी बावल क्षेत्र में बुधवार को एसडीएम संजीव कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ औद्योगिक इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कंपनियों में अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र (ईटीपी) और वायु प्रदूषण नियंत्रण प्रणाली (एपीसीएम) बंद मिली।
विज्ञापन

कुछ इकाइयों में संबंधित रिकॉर्ड भी अधूरा पाया गया। खामियां मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
एसडीएम अग्निशमन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एचएसआईआईडीसी तथा औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ अचानक औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कई इकाइयों में प्रदूषण नियंत्रण मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलीं। कुछ कंपनियों में ईटीपी और एपीसीएम बंद पाए गए। इसके अलावा अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में भी खामियां मिलीं।
कुछ इकाइयों में अग्निशमन यंत्र, फायर हाइड्रेंट सिस्टम और आपातकालीन निकास की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर एसडीएम ने कंपनी प्रबंधकों को निर्धारित समयावधि में सभी कमियां दूर करने की हिदायत दी।
विज्ञापन


नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं :
एसडीएम संजीव कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन औद्योगिक इकाइयों में कमियां मिली हैं, उन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित समय में सुधार करवाया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान दोबारा ऐसी खामियां मिलने पर संबंधित औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। एसडीएम के अचानक निरीक्षण से औद्योगिक इकाई संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें