रेवाड़ी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने से वंचित पात्र नागरिकों को एक और अवसर दिया गया है। ऐसे मतदाता, जिन्हें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि (एएसडीडी) श्रेणी में चिह्नित किया गया था, वे 30 नवंबर तक अपना गणना प्रपत्र दोबारा भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को जमा करवा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
डीसी ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों से संबंधित नोटिस और उनके निस्तारण की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 22 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना जरूरी है। इसके लिए प्रशासन के साथ राजनीतिक दलों और उनके बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने अभिकर्ताओं के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने और गणना प्रपत्र जमा करवाने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में नायब तहसीलदार चुनाव हसन मोहम्मद और कानूनगो अजय कुमार यादव मौजूद रहे।