फोटो: 28रेवाड़ी। एम्स के निर्माण कार्य व व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक करते हुए डीसी अभिषेक
- फोटो : सांकेतिक
रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने जिले के गांव माजरा भालखी में निर्माणाधीन एम्स के संबंध में अधिकारियों के साथ बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में समीक्षा बैठक की। इसमें डीसी ने आगामी शैक्षणिक सत्र में एम्स में एमबीबीएस की कक्षाएं संचालित होने से पहले भवन, क्लासरूम और हॉस्टल समेत जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीसी ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय केंद्र सरकार द्वारा आगामी शैक्षणिक सत्र- 2026-2027 के लिए जिला के गांव माजरा भालखी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में एमबीबीएस की 50 सीटों को मंजूरी दी गई है।
एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए एम्स में सुव्यवस्थित भवन, क्लासरूम, हॉस्टल और फर्नीचर सहित जरूरी व्यवस्थाएं संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा समय रहते पूरी होना सुनिश्चित कर लिया जाए। साथ ही सड़क निर्माण, पानी सप्लाई और बिजली की आपूर्ति आदि का कार्य भी सत्र शुरू होने से पहले पूरा होना सुनिश्चित करें।
डीसी ने बताया कि एम्स निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। नेशनल हाईवे से एम्स की ओर जाने वाले रास्ते तथा ट्रैफिक आवागमन के लिए आरओबी के निर्माण कार्य को लेकर जल्द कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उपनिदेशक अमित पंवार, जिला राजस्व अधिकारी प्रदीप देशवाल, डीडीपीओ एचपी बंसल सहित अन्य अधिकारीगण, एजेंसी के प्रतिनिधि व कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।