रेवाड़ी। खरीफ सीजन में फसल खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसी अभिषेक मीणा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की सभी अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारी मंडियों का नियमित दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लें, ताकि किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
डीसी मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में खरीफ सीजन की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक से पहले कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के डीसी व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि सभी खरीद एजेंसियां निर्धारित समर्थन मूल्य के अनुसार फसल की खरीद सुनिश्चित करें। मंडियों में फसल की समय पर खरीद के साथ-साथ उसका समय पर उठान भी करवाया जाए, ताकि मंडियों में जगह की कमी न हो। उन्होंने सभी धर्मकांटों की नियमानुसार जांच करवाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि मंडियों में तिरपाल व पॉलिथीन कवर, पर्याप्त मात्रा में बारदाना, सीसीटीवी कैमरे, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, शौचालय तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था होनी चाहिए।