सेक्टर-छह में बिजली के खंभे की चपेट में आकर एक इंजीनियर की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है। वहीं, मृतक के दोस्त ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार करनाल के गांव संडीर निवासी पवन कुमार मानेसर स्थित एक कंपनी में इंजीनियर थे और सेक्टर-छह में रहते थे । मंगलवार को वह सेक्टर-छह से सुभाष चौक की तरफ पैदल जा रहे थे। सड़क पर जलभराव होने के कारण वह फुटपाथ से निकले। इसी दौरान फुटपाथ पर खड़े बिजली के खंभे से उनका हाथ छू गया । करंट की चपेट में आकर मौके पर ही उनकी मौत हो गई ।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के मित्र रोबिन सिंह ने कहा है कि पवन की मौत का कारण बिजली निगम की लापरवाही है। जिस खंभे से हादसा हुआ है, उसमें पिछले दो-तीन महीन से करंट आ रहा था। स्थानीय दुकानदारों द्वारा मौखिक रूप से बिजली निगम को खंभे में करंट आने की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। बिजली निगम समय पर अमल करता तो पवन की मौत नहीं होती। सेक्टर-छह थाना पुलिस ने रोबिन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।