रेवाड़ी। पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने गांव हजारीवास और साहरनवास में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों का सर्वे कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
टीम ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए नुकसानदायक है। युवाओं को पढ़ाई, खेल और अपने भविष्य पर ध्यान देना चाहिए तथा नशे से दूर रहना चाहिए। ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों और नशे की खरीद-बिक्री की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई। नशे से संबंधित सूचना मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर भी दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। टीम ने अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी और पासवर्ड साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी। इसके अलावा हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। आपात स्थिति में डायल 112 पर सूचना देने को कहा गया।