फोटो : 04रेवाड़ी। सड़क के बीच खड़ा बिजली के पोल। स्रोत : ग्रामीण
धारूहेड़ा। नगर पालिका की ओर से भटसाना रोड और संतोष कॉलोनी के बीच सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन इस सड़क पर अभी भी बीच में खड़े बिजली के पोल हादसों का कारण बने हुए हैं। नगरपालिका धारूहेड़ा ने बिजली विभाग को पहले ही करीब 15 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान कर दिया था, ताकि सड़क निर्माण से पहले ही इन पोल को स्थानांतरित किया जा सके। इसके बावजूद बिजली के पोल अभी तक सड़क के बीच में खड़े हैं।
नगरपालिका द्वारा 13 अगस्त 2024 को भेजे गए पत्र में यह स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया था कि यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए, ताकि सड़क निर्माण के दौरान या बाद में किसी तरह की क्षति न हो। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वार्ड-16 के पार्षद मनीष सैनी ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण से पहले बिजली के पोल को हटा देना चाहिए था, जबकि पालिका इसका भुगतान कर चुकी है।
वहीं, मामले में धारूहेड़ा डीएचबीवीएन के एसडीओ, विनोद कुमार का कहना है कि संतोष कॉलोनी में बिजली के पोल सड़क के बीच आने की समस्या को लेकर इन्हें स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया में उच्च अधिकारियों को अनुमति के लिए पत्र भेजा है। जल्द ही इन पोलों को एकतरफ लगवा दिया जाएगा।