कोसली बिजली निगम कार्यालय में प्रदर्शन करते कर्मचारी।
- फोटो : Rewari
कोसली। पाल्हावास बिजली निगम के एक कर्मचारी के साथ मारपीट मामले में पुलिस के मुकदमा दर्ज नहीं करने पर निगम की यूनियन के आह्वान पर वीरवार को कर्मचारियों ने काम छोड़कर धरना दिया।
धरने की अध्यक्षता करते हुए सब यूनिट प्रधान दोस्त सिंह ने बताया कि दो अगस्त की रात में एएलएम खजाना सिंह के साथ गुरावड़ा निवासी ने पावर हाउस में आकर मारपीट की। मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी यूनियन की ओर से लगाया गया। इसकी शिकायत तीन अगस्त को सुबह रोहडाई थाने में दी गई। चार अगस्त को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया। जहां पुलिस के सामने ही कर्मचारी को फिर से पीटने कि बात कही। इसका कर्मचारियों द्वारा एतराज जताने पर पुलिस ने भी उनके कर्मचारी के साथ अभद्रता की। मारपीट के बाद पुलिस की ओर से की गई अभद्रता के विरोध में कर्मचारी हड़ताल पर चले गए और उपमंडल कार्यालय में ही दरी डालकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारी से जब तक मारपीट करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा, धरना जारी रहेगा। कर्मचारी नेताओं ने चेताया कि अगर मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो यह चिंगारी कोसली डिविजन से होकर रेवाड़ी सर्कल और फिर राज्य स्तर पर पहुंच जाएगी। जिसमें सारी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। यूनिट प्रधान जयप्रकाश ने कहा कि पुलिस का रवैया ठीक नहीं है। प्रदर्शन में कोसली यूनिट सचिव महेश कुमार, राजेश, विक्रम, हंसराज व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। रोहडाई थाना प्रभारी कबूल सिंह ने कहा कि जो शिकायत दी है, उस पर कार्रवाई कि जाएगी।