नगर परिषद चुनाव के लिए वार्ड आरक्षित करने का ड्रॉ बुधवार को चंडीगढ़ में हुआ। इसमें वार्ड नंबर 5 और 20 को बैकवर्ड क्लास (बीसी) कैटेगरी के लिए आरक्षित हो गया। इसके अलावा वार्ड नंबर 27 और 30 एससी महिला, वार्ड नंबर 3,24 ,28 को एससी के लिए आरक्षित हुए। वार्ड नंबर 2, 6, 7 ,8 ,10, 11 ,13, 15,17 ,18 ,19, 21 ,23,29 व 31 को सामान्य कैटेगरी के आरक्षित किया गया है। वहीं वार्ड नंबर 1,4,9,12,14,16, 22, 25 व 26 को महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिया गया है।
19 मार्च 2018 को रेवाड़ी नगर परिषद(नप) हाउस का कार्यकाल पूरा हो चुका है। नई व पुरानी वार्ड बंदी पेंच के चलते एक साल बीत जाने के बाद भी चुनाव नहीं हो सके हैं। वार्ड आरक्षित करने को लेकर भी इससे पहले भी तीन बार बैठक बुलाई गई, लेकिन तीनों बार बैठक रद्द कर दी गई। बुधवार को हुई बैठक में रेवाड़ी तदर्थ कमेटी के सदस्य पूर्व नप चेयरमैन विजय राव, शंकुतला भांडोरिया, निवर्तमान पार्षद पूनम सतीजा व विनय यादव सहित नप अधिकारी मौजूद रहे।
आगे क्या: एक कदम बढ़े, विधानसभा चुनाव से पहले नहीं संभव
बुधवार को वार्ड आरक्षित करने के बाद इसके लिए नोटिफिकेशन किया जाएगा। इसके बाद आगे की चुनाव प्रक्रिया शुरु की जा सकती है। नप चुनाव को वार्ड आरक्षित करने को चुनाव की दिशा में एक कदम आगे बढ़े माना जा सकता है, लेकिन अभी भी चुनाव के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। जानकारों की माने तो 10 सितंबर के आसपास विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लग सकती है। ऐसे में महत 20 दिन के अंदर चुनाव कराना संभव नहीं लग रहा है।
चेयरमैन का होना है सीधा चुनाव, महिला के लिए आरक्षित
इस बार पहले चुनाव के मुकाबले नगर परिषद चुनाव ज्यादा रोचक होने वाला है। इसका बड़ा कारण चेयरमैन का सीधा चुनाव है। शहर के कुल 31 वार्ड में चेयरमैन के लिए सीधे वोट डाले जाएंगे। इससे पहले वार्ड मेंबर में से ही चेयरमैन का चुनाव होता रहा है। चेयरमैन की कुसी महिला के लिए आरक्षित की गई है। ऐसे में निवर्तमान पार्षदों ने अभी से चुनाव की तैयारी शुरु कर दी है। भाजपा की ओर से चेयरमैन पद के लिए सिंबल पर चुनाव लड़वाया जाना है। इसके लिए अभी से ही लॉबिंग की जा रही है।