रेवाड़ी। जिले के गांव लिसाना में दो वार्डों में पंच पद के प्रत्याशियों के चुनाव चिह्नों के क्रम बदलने के कारण हुए विवाद के बाद सोमवार 14 नवंबर को दोबारा मतदान होगा। प्रशासन की ओर से इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है।
वार्ड नंबर-चार से मनीता व निशा ने नामांकन किया था। इस दौरान मनीता को फावड़ा व निशा को सीढ़ी का चुनाव चिह्न दिया गया था। मतदान शुरू हुए दोनों के निशान के क्रम आपस में बदल गए। मनीता का चुनाव चिह्न सीढ़ी व निशा का चुनाव चिह्न फावड़ा हो गया। इस पर प्रत्याशियों ने एतराज जताया और मतदान को रोक दिया गया था। सूचना के बाद एसडीएम होशियार सिंह मौके पर पहुंचे। इसी प्रकार वार्ड नंबर-छह में भी पंच पद के दोनों प्रत्याशियों के निशान बदल गए। वार्ड छह की प्रत्याशी कुसुम को सीढ़ी व मीरा को फावड़ा का चुनाव चिह्न दिया गया था। मतदान शुरू होने पर दोनों प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न भी आपस में बदल गए। एसडीएम होशियार सिंह ने दोनों वार्ड के मतदान को रोक दिया था।
डीडीपीओ एचपी बंसल ने बताया कि रेवाड़ी खण्ड के गांव लिसाना में पंच पद के वार्ड 4 व 6 पर बैलेट पेपर में चुनाव चिह्न ऊपर नीचे होने के कारण शनिवार को मतदान रोक दिया गया था। ऐसे में अब सोमवार, 14 नवंबर को पंच पद के लिए चुनाव होगा।