रेवाड़ी। भाड़ावास निवासी 70 वर्षीय कमला देवी भिवाड़ी जाने के दौरान रोडवेज बस से उतरते समय गिरने गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोप है कि बस चालक ने उनके उतरने से पहले ही बस चला दी और आवाज देने के बावजूद वाहन नहीं रोका। हादसे के बाद बस लेकर चालक मौके से भाग गया।
कमला देवी ने बताया कि वह दवा लेने के लिए भिवाड़ी जा रही थीं। रेवाड़ी बस स्टैंड से बस में सवार होते समय उन्होंने चालक से भिवाड़ी मोड़ पर उतारने का अनुरोध किया था। निर्धारित स्थान पर बस रुकने के बाद पहले कुछ यात्री उतर गए। जब वह उतर रही थीं और उनका एक पैर बस में और दूसरा जमीन पर था, तभी चालक ने अचानक बस चला दी।
वृद्धा का आरोप है कि उन्होंने बस रोकने के लिए आवाज लगाई लेकिन चालक ने बस रोकने के बजाय और तेज गति से आगे बढ़ा दी। संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके कूल्हे और बाजू में फ्रैक्चर हो गया। शरीर पर कई चोटें आईं। राहगीरों ने उन्हें भिवाड़ी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन निजी अस्पताल ले गए।