रेवाड़ी। चौकी नंबर-11 फ्लाईओवर के पास वीरवार की शाम सड़क पार करते समय डंपर की टक्कर से गांव बटोड़ी निवासी निरंजन (60) की मौत हो गई। वह गांव बटोड़ी में सैलून चलाते थे।
निरंजन के बेटे हंसराज ने बताया कि वे मूल रूप से राजस्थान के बहरोड़ क्षेत्र के गांव खोहरी-खापरिया के निवासी हैं। पिछले कई वर्षों से वे बटोड़ी गांव में रह रहे हैं। एक दिन पहले वह पिता के साथ पैतृक गांव गए थे। वीरवार शाम दोनों बस से लौटकर चौकी नंबर-11 फ्लाईओवर के पास उतरे थे।
बस से उतरने के बाद निरंजन सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान रेवाड़ी की ओर से तेज गति से आए एक डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग गया।
गंभीर रूप से घायल निरंजन को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बेटे की शिकायत पर डंपर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।