रेवाड़ी। स्वास्थ्य विभाग के कैंप में अभिभावकों के साथ आए बच्चे। स्रोत: विभाग
रेवाड़ी। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत जिले के आठ बच्चों की हार्ट सर्जरी करवाई जाएगी। इन बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए विशेष स्वास्थ्य जांच कैंप में चिह्नित किया गया है।
विभाग की पहल से इन बच्चों को अब निशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी जिससे उनके जीवन में नया उजाला आएगा। दरअसल स्वास्थ्य विभाग की ओर से 28 फरवरी को विशेष स्वास्थ्य जांच कैंप का आयोजन किया गया था। इस कैंप में हृदय रोग से संबंधित समस्याओं से पीड़ित बच्चों की जांच के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रही।
कैंप में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 16 बच्चों को लाया गया जिनकी चिकित्सकों द्वारा गहन जांच की गई। जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि इनमें से आठ बच्चों को दिल से संबंधित गंभीर समस्या है और उनकी सर्जरी आवश्यक है।
इसके बाद इन बच्चों को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चिन्हित कर लिया गया। अब इन सभी बच्चों की सर्जरी स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में बड़े अस्पतालों में करवाई जाएगी। इन बच्चों की सर्जरी का पूरा खर्च सरकार की ओर से वहन किया जाएगा जिससे परिजनों को आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
समय-समय पर लगाए जाते हैं कैंप
अधिकारियों ने बताया कि समय-समय पर इस तरह के स्वास्थ्य जांच कैंप आयोजित किए जाते हैं ताकि अधिक से अधिक बच्चों की बीमारी का समय रहते पता लगाया जा सके। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि यदि उनके बच्चों में किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या दिखाई देती है तो वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें ताकि समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
-
वर्जन
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों में जन्मजात बीमारियों, हृदय रोग, सुनने व देखने से संबंधित समस्याओं सहित अन्य गंभीर बीमारियों की पहचान कर उनका समय पर उपचार करवाया जाता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वस्थ जीवन देना है।
-मीनाक्षी यादव, मैनेजर, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम