रेवाड़ी। सेक्टर-4 के नए कार्यालय भवन में स्थानांतरित शिक्षा विभाग का कार्यालय स्थानांतरित हो गया है। सोमवार को इस दौरान कार्यालय में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम का हरियाणा स्कूल अधिकारी संगठन के जिला प्रधान अनिल यादव ने स्वागत किया।
इस अवसर पर अनिल यादव ने कहा कि पुराने कार्यालय में पर्याप्त स्थान नहीं होने के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
नए बहुमंजिला भवन में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के साथ खंड शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यालयों के एक ही भवन में आने से अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को काफी सुविधा होगी।
इससे विभागीय कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता कम होगी और समय व ऊर्जा की बचत होगी। साथ ही विभिन्न विभागीय कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।
डिजिटल संसाधनों से भी सुसज्जित किया
अनिल यादव ने कहा कि नया कार्यालय भवन आधुनिक भौतिक सुविधाओं के साथ-साथ डिजिटल संसाधनों से भी सुसज्जित किया जाएगा। इससे विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और विभिन्न कार्य योजनाओं के संचालन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी शिक्षा कार्यालय एक छत के नीचे आने से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
उन्होंने कार्यालय स्थानांतरण में सहयोग करने वाले जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया, जिला परियोजना समन्वयक संतोष तंवर, उप जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद यादव, उप जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र यादव, दुष्यंत कुमार, प्राचार्य राकेश कुमार तथा हरियाणा स्टाफ मिनिस्टीरियल संगठन के सभी प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।