रेवाड़ी। अब चारधाम यात्रा पर देश-दुनिया से आने वाले तीर्थयात्रियों के स्वास्थ्य की देखभाल ई-स्वास्थ्य धाम करेगा। यह एप तीर्थ यात्रियों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। ई-स्वास्थ्य धाम स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने के लिए सतर्क निगरानी के साथ तीर्थयात्रियों के लिए सहज यात्रा सुनिश्चित करेगा।
उत्तराखंड सरकार की ओर से पवित्र चार धाम यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों के स्वास्थ्य की देखभाल और निगरानी प्रणालियों में सुधार के लिए ई-स्वास्थ्य धाम नाम से एप की शुरुआत की है। यह एप एक विशेष ऑनलाइन टूल है, जिसे यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य स्थिति को ट्रैक करने के लिए लॉन्च किया गया है।
उन्होंने बताया कि ई-स्वास्थ्य धाम एप वर्तमान में चार धाम पंजीकरण पोर्टल से निर्बाध रूप से जुड़ा हुआ है। प्रत्येक भक्त को इस एप पर पंजीकरण करना और अपना मेडिकल रिकॉर्ड अपलोड करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड का स्वास्थ्य विभाग पूरी तीर्थ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भलाई सुनिश्चित करने के लिए ऑन-साइट स्वास्थ्य जांच सुविधा प्रदान करेगा। तीर्थ यात्री इस एप पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
50 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं की जांच अनिवार्य
डीसी ने बताया कि चारधाम यात्रा के पंजीकरण पोर्टल पर इस एप को रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से यात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र बनाए गए हैं, जहां 50 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं की जांच अनिवार्य की गई है। उन्होंने बताया कि यदि श्रद्धालुओं की तरफ से अपनी बिल्कुल सही मेडिकल हिस्ट्री पंजीकरण के दौरान उपलब्ध कराई जाती है, तो इससे प्रशासन को आपातकालीन स्थिति में श्रद्धालुओं को चिकित्सकीय सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को ठीक और सही समय पर इलाज भी मिल सकेगा और प्रशासन को भी अपने चिकित्सा संसाधनों को बेहतरीन प्रबंधन करने में आसानी होगी।
तीर्थ यात्रियों को समय पर इलाज देना है उद्देश्य
डीसी ने बताया कि श्रद्धालुओं तक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी निर्बाध रूप से पहुंचाने के लिए एप को लगातार अपडेट भी किया जाएगा ताकि समय समय पर ठीक और अच्छी सुविधा यात्रियों को मिलती रहे। चार धाम यात्रा पर आने वाले सभी तीर्थ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण लगातार किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपातकाल में यहां आने वाले तीर्थ यात्रियों को सही और समय पर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इसके लिए ये एप काफी सुविधाजनक हो सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रशासन श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम चारधाम यात्रा करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।