रेवाड़ी। बिठवाना स्थित पीएमश्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कक्षाओं की कमी के चलते पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस विद्यालय में कुल 715 विद्यार्थी हैं। इनके लिए महज 20 कमरे हैं जो नाकाफी हैं। पांच अतिरिक्त कक्षाओं की जरूरत महसूस की जा रही है। कक्षों की कमी के चलते बच्चों को बरामदे में पढ़ाना पड़ता है।
पीएमश्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 1 से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित होती हैं। वर्तमान में यहां 715 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन सभी विद्यार्थियों के लिए कम से कम 25 कक्ष होने चाहिए लेकिन केवल 20 कमरे ही उपलब्ध हैं। इससे छात्रों को पढ़ाई में काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
पांच अतिरिक्त कमरों की मांग को लेकर कई बार निदेशालय को डिमांड भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ रहा है। अक्सर कुछ कक्षाओं के बच्चों को संयुक्त रूप से पढ़ाया जाता है या फिर खुले में पढ़ाई करवाई जा रही है।
इससे न केवल विद्यार्थियों का पढ़ाई का माहौल बिगड़ता है, बल्कि शिक्षकों को भी शिक्षण कार्य में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। अध्यापकों का कहना है कि इस समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। वहीं बारिश होने पर विद्यालय परिसर में पानी भर जाता है। वर्तमान में भी परिसर में जलभराव है जिससे मच्छरों का प्रकोप है। जलभराव के कारण विद्यार्थियों को खेलकूद गतिविधियों से वंचित रहना पड़ता है।
बदहाल हालत से छात्राएं परेशान, सुरक्षा पर उठे सवाल :
विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि बारिश के मौसम में स्कूल परिसर में जलभराव आम बात हो गई है। कीचड़ और गंदगी के चलते विद्यालय परिसर में सांप और बिच्छू नजर आते हैं जिनसे छात्राओं की खतरा बना रहता है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षा निदेशालय को कई बार मांग पत्र भेजे गए लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। शिक्षकों का कहना है कि दो वर्षों से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
-
वर्जन
पांच अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव कई बार निदेशालय को भेजे गए हैं लेकिन कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है। कक्षों की कमी से कुछ कक्षाओं को संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा है। बड़े अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है।-दुष्यंत सिंह, प्राचार्य, पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिठवाना।