अवैध निर्माण पर चल रहा बुलडोजर। स्रोत : विभाग
रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग की ओर से मंगलवार को नियंत्रित क्षेत्र व शहरी क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान राजस्व संपदा कालूवास में गोकलगढ़ बाईपास के नजदीक बिना अनुमति के बन रही अवैध निर्माणाधीन दुकानों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई।
अवैध निर्माण की सूचना मिलने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन दुकानों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
जिला नगर योजनाकार मनदीप सिंह सिहाग ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नियंत्रित व शहरी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी की वैधता के बारे में जिला नगर योजनाकार कार्यालय से जानकारी अवश्य प्राप्त करें। ताकि भविष्य में विभागीय कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि कई बार अवैध कॉलोनी काटने वाले प्रॉपर्टी डीलर लोगों को झूठे आश्वासन देकर खाली जमीन पर प्लॉट बेच देते हैं। बाद में जब वहां निर्माण कार्य शुरू होता है तो विभाग की ओर से कार्रवाई की जाती है, जिससे प्लॉट खरीदने वाले लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और वे अपने आप को ठगा हुआ महसूस करते हैं।