बावल मार्ग के पास ड्राई फ्रूट्स की दुकान। संवाद
रेवाड़ी। बाजार में ड्राई फ्रूट्स की बढ़ती कीमतों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आवक कम होने और आपूर्ति प्रभावित होने के कारण बादाम, काजू, किशमिश, मखाना समेत अधिकांश मेवों के दामों में पिछले एक महीने के दौरान 15 से से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बढ़ी कीमतों का सीधा असर लोगों की रसोई और घरेलू बजट पर पड़ रहा है।
भाड़ावास रोड स्थित व्यापारी रामपाल ने बताया कि इस बार ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि पहले 320 रुपये प्रति किलो बिकने वाली किशमिश अब 480 रुपये किलो तक पहुंच गई है। वहीं गरी गोला के दाम भी लगभग दोगुने हो गए हैं। मखाने की बढ़ती मांग के चलते इसका भाव 1500 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।
अन्य मेवों की बात करें तो पहले 800 रुपये किलो मिलने वाला काजू अब 1000 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। बादाम 900 से 1 हजार रुपये, अखरोट 1300 रुपये और पिस्ता 1400 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। चिरौंजी में सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसका भाव 2000 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 2500 रुपये प्रति किलो हो गया है।
व्यापारियों का कहना है कि सीमित आवक, बढ़ती मांग और सप्लाई चेन पर असर के कारण कीमतों में यह उछाल देखने को मिल रहा है। यदि आने वाले दिनों में आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो ड्राई फ्रूट्स के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
-
त्योहारों से पहले और बढ़ सकती हैं कीमतें
नई बाजार में फुटकर कारोबारी प्रमिल ने बताया कि मांग के मुकाबले सप्लाई बहुत कम है। आगे से सीमित मात्रा में माल आ रहा है। यही कारण है कि दाम बढ़ते जा रहे हैं। वहीं बढ़ते दामों से जहां आमजन परेशान हैं। खुदरा व्यापारी भी चिंता में हैं। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही जो हालात हैं, उन्हें देखकर लगता है कि आने वाले समय में मेवे के दामों में और इजाफा देखने को मिलेगा।