फोटो : 5प्रेसवार्ता में जानकारी देते डीएसपी पवन कुमार। संवाद
रेवाड़ी। सीआईए धारूहेड़ा व थाना रामपुरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव पीथड़ावास में आयोजित एक लग्न समारोह समारोह के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में दो मुख्य आरोपियों गांव मनेठी निवासी तरुण उर्फ मोनी उर्फ राहुल और गांव जड़थल निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया है। मृतक युवक 30 वर्षीय इंद्रजीत गांव बधराना का रहने वाला था।
डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार ने रविवार को बताया कि पुलिस की ओर से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी तरुण और जितेंद्र अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में गांव पीथड़ावास में 31 अक्तूबर की रात लग्न समारोह में पहुंचे थे। दोनों ने मकान की छत पर बैठकर पहले बीयर और शराब पीकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों ने हवाई फायरिंग भी की थी। जब इंद्रजीत ने दोनों से पूछा कि आप लोग कौन हो और इस प्रकार से गांव का माहौल क्यों खराब कर रहे हो। इसके बाद दोनों की इंद्रजीत के साथ कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू ने पिस्तौल से इंद्रजीत पर गोली चला दी जो उसके गले में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आरोपियों पर ये हैं मामले दर्ज
आरोपी तरुण उर्फ मोनी पर पहले भी थाना खोल में मारपीट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के पांच मामले दर्ज हैं जबकि जितेंद्र उर्फ जीतू पर थाना शहर नारनौल, थाना कसौला व मॉडल टाऊन में मारपीट के चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों नारनौल टोल प्लाजा के पास एक दुकान पर काम करते थे।
हथियार कहां से आया, की जाएगी जांच
पुलिस रिमांड पर प्रयोग में किए गए हथियार और गाड़ी बरामद करेगी। साथ ही यह भी पता लगाएगी कि क्या अन्य युवक भी इनके साथ वारदात में शामिल थे। सवाल यह भी है कि आखिर युवकों के पास हथियार कैसे पहुंचा। जबकि अवैध रूप से हथियार रखना गैरकानूनी है। पुलिस हथियार देने वाला का भी पता लगाएगी। मामले में पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि हर्ष फायरिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी, पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
इंद्रजीत ने छोटे भाई ने दी थी यह शिकायत
डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार ने बताया कि गांव बधराना निवासी पप्पू ने बताया था कि 31 अक्तूबर को उसका भाई इंद्रजीत उनके गांव के ओमहरी और दिनेश व अन्य साथियों के साथ गांव पीथड़ावास में लग्न समारोह में गया था। उसे सूचना मिली कि उसके भाई इंद्रजीत को गोली लगी है उसे रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर लेकर गए हैं। मृतक के भाई ने लग्न समारोह में आए राहुल मनेठी और उसके साथ आए कुछ लोगों पर इंद्रजीत की हत्या का संदेह जाहिर किया था। पुलिस ने मृतक के भाई पप्पू के बयान पर थाना रामपुरा में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।