नशा ना करने की शपथ लेते विद्यार्थी। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। नशा मुक्ति टीम ने गांव जाटूसाना, मुसेपुर व गांव खुशपुरा में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशा न करने की शपथ भी ली।
निरीक्षक रामपाल ने बताया कि नशा व्यक्ति के शरीर, परिवार और समाज तीनों का सबसे बड़ा शत्रु है। यह न केवल स्वास्थ्य को बर्बाद करता है बल्कि युवाओं का भविष्य भी अंधकारमय कर देता है।
नशा मुक्ति टीम ने कहा कि नशा शरीर ही नहीं, बल्कि जीवन और समाज के लिए भी जहर है। आज के विद्यार्थी ही कल का भविष्य हैं, इसलिए नशामुक्त और स्वस्थ रहना ही देश की सुरक्षा व प्रगति की गारंटी है। इसके साथ ही नशा मुक्ति टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के खतरों से भी अवगत कराया।
इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की भी जानकारी दी और कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना जरूरी है। हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग और यातायात संकेतों का पालन हमारी सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।
नशा मुक्ति टीम ने अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी असामाजिक तत्व, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना दें।