धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर गांव जोनियावास के पास बुधवार सुबह करीब सात बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले के पास बने डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। ट्रक में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। मृतक हजारी लाल कोटपूतली-बहरोड़ जिले के गांव दादुकला निवासी था। चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया है।
हजारीलाल ट्रक लेकर एनएच-48 से गुजर रहा था। इसी दौरान चलते वाहन में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। आशंका जताई जा रही है कि चालक को वाहन चलाते समय हार्ट अटैक आया, जिसके कारण वह ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे नाले के पास बने डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर सेक्टर-6 धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर यातायात प्रभावित रहा।
सेक्टर-6 धारूहेड़ा थाना प्रभारी सचिन कुंडू ने बताया कि चालक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया है। पुलिस के अनुसार हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।