कोसली रेवाड़ी। कोसली क्षेत्र में एक निजी स्कूल के बस चालक पर बुधवार सुबह शराब पीकर वैन चलाने का आरोप लगा था। इस सामले में अभिभावक की शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने अपने स्तर से जांच की और सख्ती दिखाते हुए चालक को निकाल दिया। दूसरी ओर, देर शाम सरकारी अस्पताल में हुई मेडिकल जांच में नशे की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि शिकायतकर्ता का कहना है कि काफी देर बाद जांच की गई।
कोसली निवासी हरिओम ने बुधवार को चालक के नशे में होने की शिकायत चंडीगढ़ उच्च अधिकारियों को मेल के माध्यम से की थी। इसके बाद अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए रेवाड़ी आरटीए को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। दोपहर बाद, आरटीए विभाग की तरफ से स्कूल वैन चालक को सरकारी अस्पताल में जांच के लिए बुलाया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल जांच में सामने आया है कि चालक नशे की हालत में नहीं था जबकि शिकायतकर्ता हरिओम का कहना है कि चालक सुबह के समय नशे में था, जांच काफी देर बाद हुई है। हरिओम का कहना है कि मौके पर जब उन्होंने वैन चालक को रोकना चाहा तो वह नहीं रुका और भाग निकला था।
हरिओम ने की थी ये शिकायत
कोसली निवासी हरिओम ने बताया था कि 24 अप्रैल को सुबह वैन में बेटी को छोड़ने आया था, व्यवहार से पता चला कि चालक नशे में था। स्कूल प्रबंधन को फोन कर बताया कि आपका ड्राइवर नशे में गाड़ी चला रहा है। स्कूल वैन में सभी 6 से 7 साल से कम उम्र के बच्चे हैं और वैन के साथ कोई देखभाल करने वाला भी नहीं है। दूसरी ओर, हरिओम ने बेटी का दाखिला दूसरे निजी स्कूल में करवा दिया है।
उच्च अधिकारियों से जैसे ही कार्रवाई के लिए निर्देश मिले थे, तुरंत स्कूल को नोटिस देकर सरकारी अस्पताल में जांच के लिए चालक को बुलाया गया था। फिलहाल जांच में नशे की पुष्टि नहीं हुई है।
जसबीर सिंह, आरटीए अधिकारी