रेवाड़ी। जिले में बढ़ते प्रदूषण ने हालात चिंताजनक बना दिए हैं। लगातार तीसरे दिन भी रेवाड़ी रेड जोन से बाहर नहीं निकल पाया है। बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 348 दर्ज किया गया,जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।
हवा में धूल, वाहन प्रदूषण और कम तापमान के कारण प्रदूषक कण नीचे जमा हो रहे हैं। इससे वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट के कारण सुबह और शाम के समय धुंध की परत और गहरी हो गई है। तापमान में गिरावट से हवा की गति धीमी होने लगी है, जिसके कारण प्रदूषक ऊपर नहीं उठ पा रहे और जमीन के पास ही फैलकर वायु गुणवत्ता को और खराब कर रहे हैं।