रेवाड़ी। ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में आयोजित होने वाली 40वीं जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए जिले के खिलाड़ी रवाना हुए हैं। यहां के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में दम दिखाएंगे।
यह प्रतियोगिता एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के तत्वावधान में 14 अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता के लिए जिले के पांच पुरुष और 2 महिला एथलीटों का चयन हरियाणा टीम में हुआ है। एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि इस बार हरियाणा से कुल 145 एथलीट चैंपियनशिप में भाग ले रहे हैं।
मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि रेवाड़ी से चयनित एथलीटों में 20 वर्ष वर्ग में नवरत्न 3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर दौड़ में, दिनेश तंवर लॉन्ग जंप में और जंगपाल सिंह डेक्थलॉन में हिस्सा लेंगे। 16 वर्ष वर्ग में राणा सूत्रधार 60 मीटर स्प्रिंट और मिडले रिले में अपने प्रदर्शन का जौहर दिखाएंगे।
लड़कियों में 20 वर्ष वर्ग की कोमल हाई जंप इवेंट में, जबकि 16 वर्ष वर्ग की देवी 600 मीटर दौड़ और मिडले रिले में भाग लेंगी। इसके अलावा रिया यादव शॉटपुट में अपना दमखम दिखाएंगी। सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।
टीम के साथ पुनीत और रोहतास को टीम मैनेजर, जसवंत सिवाच और बीरबल को टीम कोच नियुक्त किया गया है।