रेवाड़ी। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गणना प्रपत्रों की छपाई एवं वितरण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जा रहा है।
रेवाड़ी, कोसली और बावल विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों के माध्यम से सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। साथ ही नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नामों का सत्यापन तथा आवश्यक संशोधन संबंधी जानकारी भी जुटाई जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों का वितरण समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस अभियान में सहयोग करें।