रेवाड़ी। डीसी यशेंद्र सिंह के निर्देश पर एसडीएम बावल संजीव कुमार व हरियाणा राज्य परिवहन रेवाड़ी के महाप्रबंधक अशोक कौशिक ने वीरवार को बस स्टैंड रेवाड़ी पर मास्क चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होेंने बिना मास्क वाले यात्रियों को फ्री मास्क बांटें और यात्रियों को मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया।
एसडीएम बावल संजीव कुमार ने बताया कि रेडक्रास सोसायटी से जुड़े लोगों ने जांच की तो पाया कि रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर यात्री बिना मास्क के थे। जिन्हें उन्होेंने नि:शुल्क मास्क दिए और उन्हें मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया। एसडीएम ने उनको समझाया कि यह समय बिना मास्क के बाहर निकलने का नहीं है। उन्होंने बिना मास्क लगाए हुए यात्रियों को मास्क वितरित करते हुए मास्क लगाने की सलाह दी और बस चालक व परिचालक को समझाया कि बिना मास्क लगाए हुए यात्रियों को बस में न बैठाएं। उन्होंने कहा कि बस में शारीरिक दूरी के साथ सवारी बैठाएं, ताकि चालक, परिचालक एवं यात्री कोरोना महामारी संक्रमण से बच सकें।
बेवजह बाहर न निकलें लोग
एसडीएम संजीव कुमार ने कहा कि बिना काम के बाहर न निकलें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी हिदायतों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले स्थान पर जाने से बचें। उन्होंने बस में सवार यात्रियों के बीच मास्क वितरण किया। उन्होंने बगैर मास्क के मिले यात्रियों को समझाया और कहा कि मास्क पहनकर ही सफर करना चाहिए। बिना मास्क के सफर करने से कोरोना संक्रमण हो सकता है। इसलिए खुद भी संक्रमण से बचें और दूसरों को भी बचाएं। यह हम सबकी जिम्मेदारी है। जिला रेडक्रास सचिव वाजिद अली ने बताया कि रेडक्रास सोसायटी द्वारा मास्क व सैनिटाइजर के वितरण का कार्य जारी रहेगा। इस अवसर पर परिवहन विभाग के कर्मचारी कैलाश, रेडक्रास सोसायटी के सतीश मास्तान सहित वॉलंटियरों ने मास्क बांटने में अहम भूमिका निभाई।