फोटो : 20पुल के निर्माण को लेकर खुदाई करते जेसीबी। संवाद
बावल। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय हाईवे पर जयसिंहपुर खेड़ा में फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का स्थान बदलने को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बरकरार है। ग्रामीण कई दिनों से 105 किलोमीटर स्थान पर फुटवियर ब्रिज बनाने का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस स्थान पर ब्रिज बनाने से व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
ग्रामीणों ने इस मसले को लेकर पहले ही उपायुक्त से मिलकर अपनी आपत्ति दर्ज करवाई थी। इस विवाद के बीच भारतीय किसान यूनियन चडूनी के जिला प्रधान समय सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।
समय सिंह ने कहा कि गांव के लोगों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने सभी आवश्यक कागजात देखे हैं और पाया कि फुटवियर ब्रिज बनाने का मूल प्रावधान 106 किलोमीटर स्थान पर था। उन्होंने प्रश्न उठाया कि प्रशासन किसके दबाव में इसे 105 किलोमीटर पर बदलकर निर्माण कराना चाहता है।
समय सिंह ने स्पष्ट किया कि वह गरीबों और किसानों के हितों के खिलाफ किसी अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यूनियन हमेशा किसानों और ग्रामीणों के साथ है । उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि इस स्थान पर फुटवियर ब्रिज का निर्माण बिल्कुल नहीं होने दिया जाएगा।
पूर्व जिला पार्षद अमरपाल ने कहा कि उन्होंने प्रशासन और एनएचएआई के अधिकारियों को पहले ही सूचित किया है कि नियमों के विपरीत यह कार्य किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन गांव वालों पर 105 किलोमीटर स्थान पर ब्रिज बनाने के लिए दबाव बना रहहाहै। इससे उनकी जमीन, व्यवसाय और रोज़ी-रोटी प्रभावित होगी। कई ग्रामीणों ने यह भी कहा कि इस निर्णय से गांव में व्यापारिक गतिविधियों पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा और लोगों का जीवन कठिन हो जाएगा। ग्रामीणों ने यह स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन उनकी बात नहीं सुनता और निर्माण कार्य शुरू करता है तो वे धरना प्रदर्शन और सड़क पर आंदोलन करेंगे।