रास्ते को लेकर बातचीत करते बिल्डर व ग्रामीण। संवाद
भिवाड़ी। भिवाड़ी बाईपास पर एक बिल्डर की सोसाइटी में रास्ते को लेकर शुक्रवार को बिल्डर प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने मौके पर बीड़ा तहसीलदार सुरेंद्र सिंह को भी बुलाया लेकिन कोई तत्काल समाधान नहीं निकल सका। करीब तीन घंटे तक चली गहमागहमी के बाद सभी पक्ष एक साथ बैठकर मामले का हल निकालने पर सहमत हुए।
सैदपुर निवासी दुर्गेश कुमार ने बताया कि उनकी जमीन से सटे रास्ते को लेकर पुराने बिल्डर के साथ पहले समझौता हो चुका था। इस समझौते के तहत 20 फीट रास्ता देने की लिखित सहमति दी गई थी। समझौता एसडीएम के सामने हुआ था, जिसमें यह भी तय हुआ था कि सोसाइटी निर्माण के दौरान नॉर्म्स के अनुसार ग्रामीणों को रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा।
दुर्गेश कुमार ने आरोप लगाया कि नए बिल्डर ने जमीन खरीद ली है और पुराने बिल्डर द्वारा किए गए समझौते को मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि बिल्डर के द्वारा बिना किसी लिखित आदेश या शिकायत के पुलिस को बुलाकर जबरन रास्ता बंद करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बार-बार पुलिस से लिखित आदेश मांगे, लेकिन पुलिस कोई आदेश नहीं दिखा पाई।
तहसीलदार सुरेंद्र सिंह ने कहा कि उनके पास भी कोई लिखित आदेश नहीं है। उन्हें भिवाड़ी थाना अधिकारी ने केवल भूमि चिन्हित करने के लिए बुलाया था, जिसके आधार पर वह मौके पर पहुंचे थे।