रेवाड़ी। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिक वर्कर्स यूनियन से संबंधित सर्व कर्मचारी संघ की कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को सिंचाई विभाग कार्यालय में आयोजित की गई। इसमें कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ देने की मांग की गई। अध्यक्षता जिला प्रधान पवन यादव ने की, जबकि संचालन जिला सचिव राजेंद्र दिसौदिया ने किया।
बैठक में प्रांतीय मुख्य संगठनकर्ता योगेश शर्मा, प्रांतीय उपमहासचिव राजेश धनखड़, प्रांतीय प्रचार सचिव शमशेर सिंह यादव, पूर्व प्रधान राजेंद्र यादव और छोटे लाल यादव सहित अन्य नेताओं ने कर्मचारियों को संबोधित किया।
नेताओं ने कहा कि सर्व कर्मचारी संघ के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के साथ-साथ कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर संघर्ष तेज किया जाएगा।
बैठक में कॉमन कैडर कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ देने, जनस्वास्थ्य विभाग के संचालन एवं रखरखाव कार्य पंचायतों को न सौंपने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने तथा पुरानी पेंशन योजना बहाल करने जैसी प्रमुख मांगों पर चर्चा हुई।
नेताओं ने बताया कि 24 नवंबर 2025 को सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के साथ इन मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई थी, लेकिन मंत्री के निर्देशों के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 और 16 जून को विभिन्न विभागों के कार्यकारी अभियंताओं के माध्यम से प्रमुख अभियंताओं को मांग पत्र सौंपे जाएंगे। इसके बाद 4 जुलाई को भिवानी स्थित सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री के कैंप कार्यालय का घेराव किया जाएगा। वहीं 18 जुलाई को हिसार में लोक निर्माण विभाग और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार और विभाग द्वारा मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो राज्य कमेटी आगे के आंदोलन की रणनीति तय करेगी। बैठक में जिला कमेटी और विभिन्न शाखाओं के अनेक पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।