संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए प्रभावी उपायों पर चर्चा करने और उन्हें लागू करने के लिए सभी राजकीय व अराजकीय विद्यालयों के मुखियाओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी) की गई।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी परीक्षा केन्द्रों पर पारदर्शिता, अखण्डता और परीक्षाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना था। नकल रहित परीक्षाओं के अलावा छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाकर नशामुक्त विद्यालय और नशामुक्त विद्यार्थी का लक्ष्य भी रखा गया है। विद्यालय मुखियाओं और सम्बन्धित विद्यालय के छात्रों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस 13 चरणों में की जाएगी। पहले चरण का आयोजन 26 दिसम्बर को सुबह 11 बजे किया गया था। दूसरे चरण की तिथि घोषित की जाएगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी सम्बन्धित को बोर्ड द्वारा परीक्षार्थियों के हित में अपनाई गई नीतियों से अवगत करवाया गया, जिससे परीक्षार्थियों के वार्षिक परीक्षा परिणाम में सकारात्मक सुधार होगा।