रेवाड़ी। केएलपी कॉलेज में एक मंच पर आए विद्यार्थी व स्कूल स्टाफ। स्रोत : डीपीआरओ
रेवाड़ी। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम (स्वीप) के अंतर्गत बुधवार को शहर के केएलपी कॉलेज ऑडिटोरियम में जिला आइकॉन देसी रॉकस्टार एमडी ने युवा मतदाताओं को जागरूक किया। उन्होंने गांव खंडौड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भी युवा शक्ति और आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया।
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी और अतिरिक्त उपायुक्त अनुपमा अंजलि की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में एसडीएम रेवाड़ी विकास यादव ने स्वागत अध्यक्ष की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में देसी रॉकस्टार के चर्चित गानों के अलावा, सेल्फी प्वाइंट, काव्य पाठ तथा मतदाता जागरूकता प्रश्नोत्तरी आकर्षण के केंद्र रहे। अपने चर्चित गाने ‘देसी देसी ना बोल्या कर छोरी रै..’ के माध्यम से इस मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत करने वाले युवा गायक एमडी ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा मतदान के माध्यम से लोकतंत्र के पर्व को मनाने के लिए सभी संकल्प लें।
इस अवसर पर उन्होंने ‘लोकतंत्र का पर्व मनाओ’ नामक अपना नया गीत सुनाकर मतदाताओं को सार्थक संदेश दिया। कार्यक्रम में युवाओं के बीच मुख्य मंच तथा सेल्फी पॉइंट पर उन्होंने पहली बार वोटर बने युवाओं से इस जागरूकता अभियान का हिस्सा बनने के लिए विशेष अपील की।