अटेली से रेवाड़ी की तरफ आ रही एक मालगाड़ी खोरी स्टेशन के पास रविवार रात पटरी से उतर गई। मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतरने से तीन सवारी गाड़ियां देरी से रवाना हुईं जबकि एक ट्रेन को रद करना पड़ा। घटना में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई है।
रविवार रात करीब 7:20 बजे अटेली से रेवाड़ी आ रही एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। सूचना के बाद बचाव दल और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कई क्रेनों की मदद से रात से ही मालगाड़ी के डिब्बों को पटरी पर लाने का प्रयास जारी था। मालगाड़ी के पहिए उतरने की वजह से सोमवार सुबह पांच बजे एक सवारी गाड़ी फुलेरा-रेवाड़ी पैसेंजर को रद करना पड़ा।
वहीं रविवार रात 7:30 बजे रवाना होने वाली फुलेरा-रेवाड़ी पैसेंजर एक घंटे देरी से रवाना हुई। इसके अलावा सोमवार सुबह रेवाड़ी-फुलेरा (अप-डाउन ट्रेन) भी निर्धारित समय से डेढ़ से दो घंटे देरी से रवाना हुई। सुबह 12 बजे के बाद क्रेनों की मदद से मालगाड़ी के डिब्बे पटरी पर लाए जा सके।
रिपोर्ट तीन दिन में
मालगाड़ी पटरी से क्यों उतरी इसकी जांच करने के लिए जयपुर मंडल के रेलवे अधिकारियों की टीम सोमवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची। टीम अपनी जांच रिपोर्ट तीन दिन में आलाधिकारियों को सौंप देगी। इसके बाद ही पता चल सकेगा कि ट्रेन पटरी से कैसे उतरी।