शुक्रवार रात करीब 11 बजे गांव बगथला के पास ग्रामीणों ने गोकशी के लिए कैंटर में भरकर ले जाने की तैयारी कर रहे तस्करों को घेर लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने 78 गायों को मुक्त कराया, लेकिन आरोपी कैंटर लेकर भाग निकले। ग्रामीणों में गो तस्करों के खिलाफ आक्रोश था। थाना पुलिस ने किसी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में ही रहने वाला राजेंद्र देर रात करीब 11 बजे घर की ओर लौट रहा था। उसी दौरान उसने देखा कि कुछ नकाबपोश लोग गायों को एक कैंटर में जबरन भर रहे हैं। उसने अपने परिचित विक्रम पहलवान, श्योराज को इसकी सूचना दी। वहीं जाटूसाना गोशाला सदस्य एसआई राजपाल को भी घटना की जानकारी दी गई। कुछ ही देर में गांव के दर्जनों लोग टार्च, लाठी, डंडा आदि लेकर मौके पर जा पहुंचे। शुरुआत में कुछ लोगों को देखकर गो तस्करों ने विरोध किया लेकिन पीछे से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को आता देख सभी आरोपी कैंटर लेकर मौके से फरार हो गए।
इसके बाद ग्रामीणों ने सभी सुरक्षित बचाई गईं 78 गायों के लिए रात में ही चारे की व्यवस्था की।
गायों को बचाने की सूचना पर जाटूसाना गोशाला के सदस्य भी मौके पर पहुंचे और पहले गायों को जाटूसाना स्थित गोशाला में ले जाने लगे, लेकिन सुबह ही बैरियावास गौशाला के सदस्य भी मौके पर जा पहुंचे और गायों को गोशाला में ले जाने के लिए कहा। बाद में सभी 78 गायों को बैरियावास गोशाला में भेज दिया गया।