फोटो : 16अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनी पर चल रहा बुलडोजर। स्रोत : विभाग
रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार की टीम ने लालपुर में पांच एकड़ के क्षेत्रफल में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में तोड़फोड़ की कार्रवाई की। बिना अनुमति के अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनी में कराए गए निर्माणों को ध्वस्त कराया गया। इस दौरान 25 डीपीसी, 10 चहारदीवारी और कच्चे रोड के नेटवर्क को नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में भारी पुलिस बल की सहायता से की गई। जिला नगर योजनाकार मनदीप सिंह ने आमजन से अपील की है कि किसी भी नियंत्रित या शहरी क्षेत्र में अवैध निर्माण न करें। प्लॉट खरीदने से पहले इस कार्यालय से कॉलोनी की वैधता की पुष्टि अवश्य करें ताकि विभागीय कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध कॉलोनियों के प्रॉपर्टी डीलर आमजन को झूठे दस्तावेज दिखाकर खाली भूमि पर प्लॉट बेच देते हैं। जब उस स्थान पर अवैध निर्माण शुरू होता है तो आमजन को कार्रवाई का सामना करना पड़ता है और उन्हें आर्थिक नुकसान होता है।