मांगों को लेकर आवाज उठाते भवन निर्माण कारीगर मजदूर यूनियन। स्रोत : यूनियन
रेवाड़ी। केंद्रीय श्रमिक संगठन एआईयूटीयूसी से संबद्ध भवन निर्माण कारीगर मजदूर यूनियन की बैठक नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में जिला प्रधान अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें एक वर्ष से बंद हित लाभ पोर्टल चालू करने की मांग की गई।
यूनियन के नेताओं ने कहा कि पंजीकृत मजदूरों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पोर्टल को चालू करना जरूरी है। यूनियन ने चार लेबर कोड समाप्त करने, मजदूरों का ऑनलाइन की बजाय ऑफलाइन पंजीकरण शुरू करने और भवन निर्माण कार्य का बंद पड़े रजिस्ट्रेशन तत्काल बहाल करने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया में तकनीकी समस्याओं के कारण कई मजदूर लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऑफलाइन पंजीकरण से पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार की आशंका कम होगी। दिल्ली एनसीआर सीमा से सटे हरियाणा के भवन निर्माण कारीगरों को ग्रेप-4 के तहत भत्ता देने की भी मांग रखी गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के जिला प्रधान रामकुमार निमोठ सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी विचार रखे।
इस अवसर पर भवन निर्माण कारीगर मजदूर यूनियन के जिला सचिव भीम सिंह, उपप्रधान पोहप सिंह, रामेश्वर दयाल, नरेश चौहान, सरदार सिंह, सत्यबीर सिंह, अरुण कुमार, विनोद कुमार व प्रदीप कुमार मौजूद रहे।