विधानसभा से लेकर मुख्यमंत्री तक पहुंच चुका है मामला
दिनेश भारद्वाज
डहीना। डहीना क्षेत्र को उपमंडल और पूर्ण तहसील का दर्जा दिलाने की मांग पिछले कई वर्षों से उठ रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। डहीना को उपमंडल बनाने की मांग वर्ष 2023 में विधानसभा तक पहुंची थीं। इसके बाद सामाजिक संगठनों की ओर से भी मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन क्षेत्र के लोगों को अब भी प्रशासनिक सुविधाओं के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है।
वर्ष 2023 में कोसली के तत्कालीन विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने विधानसभा के बजट सत्र में डहीना को उपमंडल बनाने की मांग उठाई थी। उन्होंने सदन में बताया था कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार डहीना की आबादी 18,760 थी और यह आसपास के करीब 46 गांवों का प्रमुख केंद्र है। इस पर तत्कालीन उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मांग पर विचार करने के लिए समिति बनाने की बात कही थी।
इसके बाद 21 दिसंबर 2024 को आवाज फाउंडेशन की ओर से बैठक आयोजित कर डहीना को उपमंडल का दर्जा देने की मांग उठाई गई। संगठन के पदाधिकारियों ने मौजूदा कोसली विधायक अनिल यादव को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था। इसमें कहा गया था कि क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए 30 से 40 किलोमीटर दूर रेवाड़ी या कोसली जाना पड़ता है।
वहीं, मई 2025 में संगठन ने डहीना में खंड कार्यालय स्थापित करने की मांग भी उठाई थी। संगठन का कहना था कि वर्ष 2016 में खंड का दर्जा मिलने के बावजूद यहां कार्यालय की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है।
तहसील और एसडीएम कार्यालय से मिलेगी राहत
डहीना में पूर्ण तहसील और उपमंडल कार्यालय स्थापित होने से आसपास के गांवों के लोगों को राजस्व, प्रशासनिक और अन्य सरकारी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। क्षेत्र के लोगों की मांग है कि सरकार पुराने आश्वासनों पर कार्रवाई करते हुए डहीना को उपमंडल का दर्जा देने और यहां एसडीएम कार्यालय स्थापित करने की दिशा में निर्णय ले।
इन गांवों को होगा फायदा
गांव औलांत, बोहतवास अहीर, बास, भठेड़ा, बिटोड़ी बास, बोहका, बुड़ौली, डहीना, धखोरा, दडौली, दहलावास, ढ़ाणी ठेठरबाढ़, धवाना, दिदौली, फतेहपुरी टप्पा डहीना, गोठड़ा टप्पा डहीना, गुलाबपुरा, काहड़ी, कंवाली, खेड़ी, कुमरोधा, लिसान, लोहाना, मंदोला, मसीत, मोतला कलां, मोतला खुर्द, मूंदी, नांगल, नांगल मूंदी, निमोठ, रामपुरी, रोलियावास, सीहा, ऊंचा, जैनाबाद, ढ़ाणी जैरावत व श्रीनगर सहित अन्य गांव डहीना मंडल में शामिल हैं।
स्टेट हाईवे पर स्थिति होने के कारण यह आसपास के 46 गांवों का बड़ा बाजार भी है। पशु अस्पताल के अलावा पीएचसी भी है। एक उपमंडल के लिए होने वाली सभी शर्तों को डहीना पूरा करता है। इसलिए इस पर सरकार को जल्द विचार कर इसे उपमंडल बनाना चाहिए।
सतबीर सिंह, डहीना
डहीना को पूर्ण तहसील और उपमंडल का दर्जा मिलने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिल सकेंगी।
अशोक कुमार, डहीना
डहीना बिकानेर रेलवे लाइन पर बड़ा स्टेशन होने के साथ-साथ यहां सब तहसील भी है। सुविधा मिलेगी तो काफी लाभ होगा। लोगों को दूर नहीं जाना पड़ेगा।
प्रदीप कुमार, डहीना
सतबीर सिंह, डहीना
सतबीर सिंह, डहीना
सतबीर सिंह, डहीना