रेवाड़ी। आईजीयू में कुलपति को ज्ञापन सौंपते एचकेआरएनएल कर्मचारी। स्रोत: यूनियन
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (आईजीयू) मीरपुर में कार्यरत एचकेआरएनएल कर्मचारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कुलपति को सौंपा। कर्मचारी यूनियन मीरपुर के प्रधान कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में दिए गए ज्ञापन में आईजीयू में कार्यरत एचकेआरएनएल कर्मचारियों को जॉब सुरक्षा अधिनियम के तहत शामिल करने की मांग की गई।
साथ ही अनुभव के आधार पर वेतन निर्धारण किए जाने की मांग रखी गई। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि 12 कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यूनियन प्रधान कृष्ण कुमार ने कहा कि लंबे समय से कर्मचारी असुरक्षा और वेतन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन इस दिशा में जल्द सकारात्मक कदम उठाएगा। इस पर कुलपति ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा और सभी कर्मचारियों को न्याय दिलाने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस मौके पर उपप्रधान राहुल, सुखलाल, योगेश, हरीश, संदीप कुमार, कारण सिंह, सुरेन्द्र, पवन, अतुल कुमार, श्यामसुंदर, राजेश यादव सहित अन्य एचकेआरएनएल कर्मचारी मौजूद रहे।