रेवाड़ी। मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत लोक सेवा मंच ने कोनसीवास रोड स्थित सेक्टर-5 में महिलाओं के साथ बैठक की। इसमें महिलाओं ने हर क्षेत्र में न्यूनतम 50 फीसदी आरक्षण की मांग की।
महिलाओं ने कहा कि देश की लगभग आधी आबादी महिलाएं हैं, इसलिए उन्हें हर क्षेत्र में 50 फीसदी हिस्सेदारी मिलना उनका अधिकार है।
बेरोजगार महिलाओं को बस, ट्रेन और हवाई यात्रा में 50 फीसदी छूट, निशुल्क चिकित्सा सुविधा, शिक्षित महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 20 करोड़ रुपये तक दीर्घकालीन ऋण तथा प्रसव के समय निशुल्क एंबुलेंस सुविधा देने की मांग की।
बैठक में अशोक प्रधान ने कहा कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, सेना प्रमुखों, उच्च न्यायालयों और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जैसे प्रमुख पदों पर भी क्रमवार महिला-पुरुषों की नियुक्ति होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की 50 फीसदी हिस्सेदारी की मांग फिलहाल सपने जैसी लग सकती है, लेकिन संघर्ष और जनसहयोग से इसे हकीकत बनाया जा सकता है।
बैठक में बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, नंदलाल यादव, डॉ. सुरेश कुमार, दयाराम आर्य, विकास यादव सहित सोनिया सैनी, पुष्पा देवी, कमलेश कुमारी और सरिता मौजूद रहीं।
अध्यक्ष जगमोहन यदुवंशी ने कहा कि महिलाओं को बराबर अवसर मिलना चाहिए और वे इस अभियान में पूरा सहयोग देंगे।