धारूहेड़ा। नगर पालिका के चेयरमैन कंवर सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर सोहना-दिल्ली नंदरामपुर बास रोड की चौड़ाई 30 फीट करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि सोहना रोड नेशनल हाईवे 919 है जबकि बास रोड भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ती है। इससे इन मार्गों पर वाहनों का दबाव रहता है। नेशनल हाईवे 919 पर स्कूल के सामने और पुलिस स्टेशन के पास लूप बनाने, फ्लाईओवर का निर्माण करने की जरूरत है। धारूहेड़ा में प्रवेश व प्रस्थान के लिए केवल एक फ्लाईओवर है, जिसके कारण सोहना, पलवल, फरीदाबाद, भिवाड़ी और अलवर जाने वाले सभी वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। बरसात के दिनों में फ्लाईओवर और सर्विस रोड पर पानी भर जाता है, जिससे स्कूल के छात्र और आमजन दोनों को कठिनाई होती है।
जाम के दौरान पुलिस भी मार्ग को नियंत्रित करने में असमर्थ रहती है। इसके अलावा, वाहनों के आवागमन से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं, जिससे जाम और दुर्घटनाएं बढ़ती हैं। हाईवे पर सात से आठ किलोमीटर लंबा जाम लगता है। इससे उद्यमी और व्यापारी परेशान होते हैं।